शनिवार, 14 नवंबर 2026

बिलाँगिंग के लिए ट्रोल अच्छे हैं

//व्‍यंग्‍य - प्रमोद ताम्बट //

बहुत दिनों बाद ट्रोलों को एक अतिउत्साहवर्धक विषय मिला है वह है - सोनिया गाँधी की किताब। इसने पेपर लीक, चंदा चोरी, वोट चोरी, एपस्टीिन फाइल में नाम, ट्रम्प की चमचागिरी, चीनी अतिक्रमण आदि आदि आरोपों से छाई मायूसी को छूमंतर करके ट्रोलों में नया उत्सांह जगा दिया है। हालाँकि किताब का शीर्षक ‘‘बिलाँगिंग-ए जर्नी ऑफ लव’’ का अर्थ ट्रोलों को कितना समझ में आया होगा कितना नहीं यह तो जगजाहिर है । चूँकि ट्रोलगण किताब-विताब पढ़ने के तो बिल्कुल आदी हैं ही नहीं तो शीर्षक कहें पूरी किताब कहें का अर्थ ट्रोलों के लिए काला अक्षर भैंस बराबर ही है यह पक्का है । देखा जाए तो इन ट्रोलों की तो कोई ‘बिलाँगिंग’ है नहीं और ‘लव’ शब्द का मतलब उनके लिए प्रेमी जोड़ों की पिटाई से ज़्यादा कुछ भी नहीं इसलिए ट्रोलों को किताब समझ आने की उम्मीद करना थोड़ी ज़्यादती ही होगी । चूँकि देश में किताब को बिना पढ़े समझे ही समीक्षाएँ ठेलने का चलन काफ़ी लोकप्रिय है सो जितनी सोनिया की किताब की अब तक कुल बिक्री भी नहीं हुई है उससे ज़्यादा समीक्षाएँ, आलोचनाएँ ट्रोलों द्वारा मीडिया, सोशल मीडिया पर ठेली जा चुकी हैं। बहुत सारे लोग तो ट्रोल आर्मी की इस भड़ास को पढ़कर ही पूरी किताब पढ़ लेने का सुख महसूस कर रहे हैं, जीवन में कभी कोई दस पेज की किताब तक भले ही न पढ़ी हो। ऐसा करके लोग प्रकाशकों की कमाई में भाँजी ही मार रहे हैं हालाँ‍कि प्रकाशकों की कमाई में भाँजी मरती हुई तो बिल्कुल नहीं दिख रही। जल्दी ही दूसरा, तीसरा, चौथा, पाँचवा संस्करण छपने की संभावनाओं से बिल्कुिल इंकार नहीं किया जा सकता। 

प्रात: ब्रम्ह मुहूर्त में व्हााट्सअप पर अगर ऊपर से बढ़िया ट्रोलिंग टूलकिट मिल जाए जिसे पढ़ने की न कोई ख़ास ज़रूरत हो और न वजह तो फिर ट्रोलों को और चाहिए भी क्या? फिर वे काम में लगने में बिल्कुल भी देर नहीं लगाते । धड़ाधड़ा अपने फेसबुक पेज, इन्स्‍स्‍टा , थ्रेट, एक्स, यूट्यूब आदि पर ट्रोल आर्मी ऐसे सक्रिय हो जाती है जैसे इनसे ज़्यादा राजनैतिक रूप से जागरुक नागरिक देश में दूसरा कोई है ही नहीं। सोनिया की किताब पर भी ट्रोल लोग दाना पानी लेकर चढ़ पड़े हैं। नतीजा यह हुआ है कि प्रकाशक को किताब के प्रचार-प्रसार पर एक पैसा भी खर्च करने की जरूरत नहीं रह गई है। वैसे तो किताब का व्यापक प्रचार पूर्व प्रकाशक ने ही किताब को छापने से मना करके कर दिया था क्योंकि लेखिका किताब में से उनके आकाओं के बुरा मान सकने वाले संभावित अंश हटाने से साफ इंकार कर दिया था। उन पूर्व प्रकाशक महोदय को जीवन में कभी इतना बड़ा अफसोस न पहले कभी हुआ होगा, न आगे कभी होगा। तिजोरी भरने का सुनहरा अवसर उन्होंने अपने हाँथों से गवाँ दिया । 

‘‘बिलाँगिंग-ए जर्नी ऑफ लव’’ में क्या लिखा गया है इससे कहीं ज़्यादा आलोचना इस बात की हो रही है कि उसमें क्या नहीं लिखा है। गोया किताब सोनिया गाँधी की ऑटो बायोग्राफी नहीं बल्कि भारत का इतिहास हो और उस इतिहास में से ट्रोलों की जड़ सांस्कृतिक परम्परा को खुरच कर बाहर निकाल दिया गया हो। ट्रोलों का बस चलता तो ट्रोल ख़ुद ही सोनिया गांधी की तरफ से यह किताब लिख मारते और उनकी कलम के माध्योम से अपनी कुंठाएँ और कुत्सित षड़यंत्रों का चक्रव्यूह रच डालते । छपाई के दौरान उच्चकोटि की गोपनीयता यदि न बरती गई हो तो मुमकिन है ट्रोल आठ-दस चैप्टर अपनी तरफ से इस किताब में ठुसवाने की कोशिश भी करते जैसे कोई-कोई टुच्चे संपादक लोग दूसरे लेखकों के आलेखों में अपने शब्द, वाक्य और कुविचार ठूस देते हैं। मौका मिल जाता तो वे सोनिया गांधी की किताब को स्मृति ईरानी अथवा कंगना रनौत की किताब बना देते जिसमें लेखिका अपने आराध्य की स्तुति की पराकाष्ठा कर के दिखातीं। लेकिन चूँकि ‘बिलाँगिंग’ की लेखिका उनके विरोधी पाले की है तो किताब मार्केट में आने के बाद से ही उन सबका हाजमा खराब हुआ पड़ा है और वे यहाँ-वहाँ दस्त पर दस्त किये जा रहे हैं ।  

कुछ ट्रोल कह रहे हैं कि सोनिया के पास टाइम ही कहाँ है जो वह ख़ुद किताब लिखने बैठेगी, ज़रूर किसी घोस्ट राइटर से उसने अपनी किताब लिखवाई होगी। वहीं कुछ ट्रोलों के मुताबिक सोनिया के पास इतनी अक्ल ही नहीं है जो वह खुद किताब लिख ले, सो ज़रूर कोई अक्ल वाला किराए पर इस काम के लिए लगाया गया होगा और अब खुद वाहवाही लूट रही है। ज़िंदगी भर झूठ के रथ पर सवार रहे कुछ ट्रोलों का तो उपदेश है कि बायोग्राफ़ी में सिर्फ और सिर्फ सच सामने आना चाहिए, कोई बात झूठी नहीं होना चाहिए और वे उन घटनाओं को झूठ बता रहें हैं जो उन ट्रोलों के पैदा होने के 20 साल पहले घटी थी। उनका मतलब है जो उन्हें मालूम है जो उनका व्हाट्सअप ज्ञान है बस वही सच है और वही बात उनके विरोधी की बायोग्राफी में भी होना चाहिए, बाकी सब कुछ निरा बकवास माना जाना चाहिए। ट्रोल रो रहें हैं कि सोनिया इस घटना पर क्यों नहीं रोई, उस घटना पर क्यों नहीं रोई, गोया कोई किस घटना पर रोये किस घटना पर हँसे या कब रोए या ना रोए यह भी अब ट्रोलों और उनके आकाओं से पूछकर करना पड़ेगा। 

दुनिया में किसी को विश्वागस नहीं होगा कि अभी हाल ही में जिन्होंने लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ यात्राएँ निकालकर अराजकता फैलाई उन्होंने एक विपक्षी नेत्री और उसकी पहली पुस्तक को इस कदर ट्रोलिंग का शिकार बनाकर लोकतांत्रिक मर्यादाओं का सरासर मखौल उड़ाया है। लेकिन दूसरी दृष्टि से देखा जाए तो ट्रोल आर्मी ने सोनिया की किताब ‘‘बिलाँगिंग-ए जर्नी ऑफ लव’’ को रातो-रात बेस्ट सेलर बना दिया है, प्रकाशक के वारे-न्याेरे कर दिये हैं । कहा जा सकता है कि नीतिविहीन भारतीय संसदीय राजनीति में किसी का किसी के प्रति कोई बिलाँगिंग और लव हो या न हो - बिलाँगिंग के लिए ट्रोल अच्छे हैं।  

                                                    -०-

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें