//व्यंग्य-प्रमोद ताम्बट//
इस बार छठ
का पर्व कुछ अनोखा रहा। अनोखा तो हमेशा ही रहता है लेकिन इस बार का कुछ ज़्यादा ही
लुभावना और चित्ताकर्षक रहा। वैसे तो हर जगह, हर
साल ही पर्याप्त प्रदूषित पानी में छठ पर्व मनता आया है लेकिन इस मानव निर्मित मजबूरी
के एक परम्परा के रूप में आगे भी कायम रहने की संभावनाएँ उतनी कभी नहीं रहीं
जितनी अब हो पड़ी हैं।
दिल्ली में
इस बार यमुना के श्वेत शुभ्र घने झाग वाले पानी में छठ का त्योहार मनाया गया।
मनाया क्या गया एक तरह से इंजॉय किया गया। छठी मैया की भक्त औरतों ने झाग को गले
लगा-लगाकर,
झाग
में लेट-लेटकर फोटो खिचवाईं और प्रचारित की । दूसरे शहरों में साधारण प्रदूषित
नदी-तालाब के पानी में छठ मनाने वालियों को बड़ा रश्क हो रहा होगा कि हाय ऐसा नसीब
हम अभागिनों का क्यों नहीं रहा कि उस खूबसूरत झाग में लोट लगा-लगाकर छठ पर्व मना
पातीं । संभवत: वे भी अगली छठ से पहले सरकार से माँग कर सकती है कि या तो छठ मनाने
के लिए यमुना किनारे दिल्ली ले चलो या उनकी लोकल नदी-तालाब को ही झाग उठने लायक
प्रदूषित करने का इंतज़ाम करवाओ। वे जब तक सफेद झाग के बादलों में विचरण करते हुए
फोटो नहीं खिंचा लेंगी तब तक छठ का उपवास नहीं तोड़ेंगी।
देखने से
तो यही लग रहा है कि जैसे चलते-फिरते और कई सारी परम्पराएँ बनी अब यह सफेद झक झाग
भी छठी मैया के त्योहार की एक नई परंपरा बन जाएगा। बिना झाग के औरतें पूजा करने के
लिए पानी में ही नहीं उतरेंगी। देश की हर नदी,
हर तालाब,
हर समुद्र तट पर छठ के दिन झाग की डिमांड बढ़ने लगेगी। झाग न हुआ पानी में तो छठ
की पूजा ही न होगी। भले ही गंगा कावेरी नर्मदा जैसी पवित्र नदियाँ क्यों न हों,
भरपूर झाग के बिना छठ पूजा के लिए अपवित्र ही मानी जाएगी। झाग छठ पूजा का एक
अनिवार्य अंग हो जाएगा। लोग औद्योगिक कंपनियों से आग्रह कर-करके उनके यहाँ का
केमिकल वेस्ट नदियों में छुड़वायेंगे ताकि अच्छे से झाग उठे और छट पूजा संपन्न हो
सके।
ऐसे में
नगरपालिकाओं की ज़िम्मेदारी भी बहुत बढ़ जायेंगी। जैसे उन्हें छठ पूजा पर नदी-तालाब
के किनारों,
समुद्र
की चौपाटियों पर आपात चिकित्सा, पीने के
पानी,
चलित
शौचालयों और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ करना पड़तीं हैं उसी तरह नई परम्परा
के मुताबिक नदियों, तालाबों,
समुद्रों में झाग की व्यवस्था भी करना पड़ेगी। उन्हें हर साल इस काम के लिए पृथक से
बजट का इंतज़ाम रखना पड़ेगा ताकि साफ पानी में व्यापक झाग की व्यवस्था की जा सके
और छठ श्रद्धालू नाराज़ होकर हंगामा न करें। स्थानीय निकायों के चुनाव छठ पर
नदी-तालाब में झाग के मुद्दे पर लड़े जाने लगेंगे। विरोधी पक्ष सत्ताधारी पक्ष पर
आरोप लगायेंगे कि ये लोग छठ पर ढंग से झाग तक तो दे नहीं सकते तब और कुछ क्या
करेंगे। हमें जिताइए, हम हर छठ पर भरपूर झाग के इंतज़ाम
का पक्का वादा करते हैं, बल्कि
निगम की तरफ़ से झाग में सेल्फी पॉइंट भी बनाया जाएगा ।
झाग की
परंपरा चल निकलेगी। भाँति-भाँति के झाग मार्केट में आ जाएँगे। लोग झाग निर्माण के
स्टार्टअप खोलने लगेंगे और भाँति-भाँति के रंगों और डेंसिटी का झाग निकायों को उपलब्ध
कराने लगेंगे। जो लोग घरों में बाल्टी, टब,
टंकी में पानी भर कर छठी मैया को प्रसन्न करने का प्रयास करते हैं उन्हें झाग की
घर पहुँच सुविधा दी जाएगी बल्कि अपने टेक्नीशियन लगा कर झाग भी बना कर दिया
जाएगा। उत्पादन बढ़ेगा, व्यापार बढ़ेगा,
मुनाफ़ा
बढ़ेगा तो कम्पनियाँ निगमों नगरपालिकाओं के अफसरों को पैसा खिलाकर झाग की सप्लाई
का काम हथियायेंगे। टेंडर लगेंगे, कंपीटिशन
होगा,
कमीशन
का खेल होगा,
घटिया झाग की सप्लाई के आरोप हवा में तैरेंगे। जाँचें बैठेंगी,
लीपापोती
होगी।
नदियों
तालाबों में झाग आएगा तो पर्यावरण बचाओ कार्यकर्ता भी बाहर निकलेंगे और शिकायतें
और जनहित याचिकाएँ लगाएँगे। प्रत्युत्तर में जैसे दीवाली पर पटाखों की परम्परा
के बचाब में परम्परा प्रेमी कूँद पड़ते हैं उसी तरह छठ पर नदियों तालाबों में झाग
प्रेमी मैदान में आ जाएँगे। पंडित लोग भी नदियों में झाग की उपस्थिति को धर्म,
संस्कृति
और सनातन से जोड़ने लगेंगे। नेता लोग भी आरोप-प्रत्यारोप लगाकर झाग समर्थक और झाग
विरोधी धड़ों में बँट जाएँगे और मारामारी करने लगेंगे। ऐसा लगने लगेगा जैसे वाकई
छठ पर नदियों में झाग होना हमारी सनातन परम्परा है जिसे किसी भी कीमत पर बचाया
जाना जरूरी है।
अब तो विदेशों
में भी धूमधाम से छठ पूजा होने लगी है, लेकिन उन्हें
झाग उपलब्ध नहीं हो पाएगा क्योंकि विदेशी लोग तो नदियों की स्वच्छता को पवित्रता
से ज़्यादा जपते हैं झाग बनाने नहीं देंगे। ऐसी स्थिति में वे छट पूजक अप्रवासी
भारतीय मिसीसिपी और टेम्स नदियों के किनारे छट पूजा मनाने का इरादा मुल्तवी करके
झागदार भारतीय नदियों में छट पूजा कर पुण्य कमाने के लिए हर साल भारत आने लगेंगे,
क्योंकि विदेशी नदियों में प्रदूषण फैलाकर हथकड़ियों में छठ पूजा करना बहुत ही
मुश्किल होगा।
इस इवेंट
को ‘झाग
वाली छठ पूजा’
के नाम से जाना जाएगा और प्रचार किया जाएगा कि समुद्र मंथन में पवित्र झाग भी
निकला था और वेदों-उपनिषदों में झाग वाली छठ पूजा के बारे में विस्तार से वर्णन
मिलता है। झाग बनाने की हज़ारों साल पुरानी पारम्परिक विधियों का इस तरह से
प्रचार-प्रसार होगा कि नदी-तालाबों में झाग फैलाने वाली आधुनिक कम्पनियाँ मुँह
ताकती रह जाएँगी।
-०-
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें