सोमवार, 23 नवंबर 2026

यह भूख है बड़ी, बहुत बड़ी

//व्‍यंग्‍य-प्रमोद ताम्‍बट//

प्रधानसेवक महोदय ने कार्पोरेट जगत को खींचकर ताना मारा है कि- ‘‘कितनी बड़ी भूख है आप लोगों की, जितना भी खिलाओ पेट भरता ही नहीं।’’ ज़ाहिर है उन्होंने अपनी इतनी लंबी राजनैतिक पारी में कार्पोरेट की भूख मिटाने के मिशन को ही सर्वोच्‍च  प्राथमिकता पर रखा है तो फिर कॉर्पोरेट की भूख को वे नहीं जानेंगे तो कौन जानेगा। वे अच्छे से जानते है कि यह भूख है बड़ी, बहुत बड़ी। अच्छे-अच्छों से सधने वाली नहीं है। अगर सधने वाली होती तो बारह साल पहले कार्पोरेट भूखे खिसक कर उनके भंडारे में आकर न बैठ जाते जो पहले कांग्रेस के भंडारे में बैठा करते थे।

2014 के पहले कार्पोरेट को ठीक से खाने को नहीं मिल रहा था, भंडारे की पंगत से रोज़ आधे पेट उठना पड़ता था। बड़ा पेट भूख से बिलबिलाता रहता था। फिर बाइब्रेंट गुजरात से एक अन्नदाता आया और उसने कार्पोरेट भूखों से कहा कि खाद्यान्न से भरपूर इस देश को 70 सालों से लूट कर खाया जा रहा है और आपको भूखा मारा जा रहा है। मुझे मौका दो, मैं तुम्हें भरपेट खिलाऊँगा। कार्पोरेट भूखों ने विश्वास कर लिया, मौक़ा दे दिया। सारे भूखे अन्‍नदाता के भंडारे में आकर बैठ गए। अब जब वे दबा कर खा रहे हैं तो उनसे कहा जा रहा है- ‘कितनी बड़ी भूख है तुम्हारी, जितना भी खिलाओ मिटती ही नहीं।’  

सबसे बड़ा सवाल कार्पोरेट की भूख का ही तो है। कार्पोरेट उसी को सिर पर बिठाता है जो उसकी भूख मिटाने में सक्षम है। भूखा टाटा ग्रुप सिंगूर से खदेड़ा गया तो वर्तमान प्रधानसेवक तत्कालीन अन्‍नदाता गुजरात दौड़ पड़े कि आओ आओ मैं तुम्हारी भूख मिटाता हूँ। पलक पावड़े बिछा दिए टाटा के स्वागत सत्कार में। खाने में जो माँगा टाटा ने, वो सब दे दिया गया, भरपेट खिलाया गया। तो फिर पहले जहाँ सिर्फ गुजरात का कार्पोरेट अन्‍नदाता के भूख मिटाने के संकल्प पर लहालोट था वहीं देश भर का कार्पोरेट लहालोट होने लग गया। देखते ही देखते सारे भूखे इकट्ठा हो गए और खाव-खाव करने लगे। लेकिन अंतत: हुआ क्या, सारा खाना सिर्फ और सिर्फ दो भूखों की तरफ डायवर्ट हो गया, बाक़ी लोग भूखे के भूखे मुँह टापते  रह गए। अब ऐसे में कोई भूखे पेट होने के दर्द से बिलबिला रहा हो तो उनका क्या क़सूर। भूख तो भूख है लगेगी ही। उसे तो खाना चाहिए। ऐसे में उसके लिए यह सलाह कि अपने खाने में से दूसरों को भी हिस्‍सा दो यह तो बहुत नाइंसाफी है भाईसाब।

कार्पोरेट को भूख लगेगी तो फिर उसे खाना चाहिए ही चाहिए लेकिन खाने में साधी दाल-रोटी से उसका काम नहीं चलता। उसका मीनू एकदम अलग है। उसे जल, जंगल, ज़मीन चाहिए, उसे बिजली पानी चाहिए, उसे खेत चाहिए खलिहान चाहिए, उसे कोयला खदान चाहिए अयस्क खदान चाहिए, उसे पब्लिक सेक्टर चाहिए, सरकारी स्कूल अस्पताल चाहिए, उसे रेलवे स्टेशन, पोर्ट, एयरपोर्ट चाहिए, उसे हर वो चीज़ खाने में चाहिए जिसको खाकर उसके कमज़ोर शरीर में रक्‍त संचार हो सके, उसके मरणासन्‍न श्‍वसन तंत्र में प्राण वायु का संचार हो सके। यह सब अगर उसे नहीं मिलेगा तो वह धीरे-धीरे मौत के मुँह में चला जाएगा। आज के ज़माने में इस कमज़ोर मरणासन्‍न अस्थि-पंजर के ढाँचे को जो जिला दे वही सबसे बड़ा मसीहा है।

यह इन्वेस्टर मीट आखिर क्या है जो आए दिन यहाँ-वहाँ आहूत की जाती है ? इसमें देश-विदेश के भूखे कार्पोरेट प्रलोभन देकर बुलाये जाते हैं कि आओं तुम्हें यह खाना परोसेंगे वो पकवान परोसेंगे, तुम्हें भरपेट खिलायेंगे-पिलाएँगे और जब भूखा इन्वेस्टर आकर पंगत में जीमने बैठ जाता है तो उसकी थाली में पकवानों की सप्लाई रोककर उससे तगड़ा चंदा और इलेक्टोरल बाँड का तकादा लगाया जाता है। दे दिया तो ठीक नहीं तो पानी का गिलास भी लुड़का दिया जाता है।

कार्पोरेट की भूख ऐसी नहीं है कि फ़ौरी तौर पर पेट भर जाए तो वह उठ जाएगा। वह पेट भरने के बाद भी पंगत में बैठा रहेगा। ठूसता रहेगा ठूसता रहेगा जब तक कि भंडारे का खाना खत्म न हो जाए। खाना खत्म होने के बाद भी वह हाथ धोने कुल्ला करने नहीं चला जाएगा, वो जजमान की और याचना की दृष्टि से देखता रहेगा कि और कुछ मिले और कुछ मिले। जजमान परोस-परोसकर थक जाएगा लेकिन भूखा खाते-खाते नहीं थकने वाला। यही स्थिति अब आ गई लगती है, इसलिए उनसे कहा जा रहा है कि जितना भी खिलाओ पेट भरता ही नहीं है। दरअसल यह कार्पोरेट की भूख की समस्‍या नहीं है यह समस्‍या है कि भंडार खाली हो गया है। खिलाने को कुछ बचा ही नहीं है। बारह साल से कार्पोरेट के भूखों का इतना खिला दिया गया है कि अब बरतन खुरचकर खिलाने की नौबत आ गई है। भूखे कार्पोरेटों को लग रहा है कि जब जीडीपी ने तगड़ी उछाल मारी है तो फिर भगोनों में तो अभी काफी कुछ होना चाहिए परोसने को। लेकिन यहीं अन्‍नदाता की पोल खुल जाती है। अन्‍नदाता जीडीपी का जश्‍न मनवाता है, दुनिया भर में बज रहे डंके की रिकार्डेड आवाज़ सुनाता है, व्‍यापार व्‍यवसाय ऑल टाइम हाई बताता है, सब चंगा सी का राग अलापता है लेकिन पंगत में बैठे कार्पोरेट भूखों को पंगत से उठ जाने के संकेत देता है। लेकिन भूखे कार्पोरेट क्‍या करें? आखिर यह भूख है बड़ी, बहुत बड़ी।

-०-

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें