सोमवार, 5 मार्च 2012

कीचड़ उछालना एक कला कला है


व्यंग्य-प्रमोद ताम्बट
            एक दूसरे के ऊपर कीचड़ उछालना भी क्या खूब कला है, और दिनों-दिन परवान भी चढ़ती जा रही है। जब, जहाँ, जैसे, जितना, जिस क्वालिटी का, जिस किसी पर चाहो कीचड़ उछाल दो और खुद नव्हे-धुले से चुपचाप अपने घर में बैठे रहो। अगला, अपने बदन पर उछला कीचड़ साफ करने की कोशिश में घाट-घाट पर ‘गंगा’ नहाता फिरे, अपन अपने खी-खी करके हँसते रहो।
            कीचड़ उछालने के इस काम के लिए देश में जब, जहाँ, जितना चाहो कीचड़ हर वक्त उपलब्ध है। मनों, टनों, लीटरों, क्विंटलों की क्वांटिटी में बेहतरीन, बदबूदार, लटपटा कीचड़, किसी भी नहा-धोकर बाहर निकले आदमी पर उलीचने के लिए थोक मात्रा में, हर वक्त तैयारशुदा हालत में मिलता है। इसमें राशनिंग की कोई समस्या नहीं है। आप चाहे सामने वाले किसी शरीफ आदमी पर अपनी ऊँगलियों के पोरों से कीचड़ की चंद बूँदे छिड़क दो, अंजुली में लेकर उछालों, या बाल्टी, मग्गे, तगारी से भर-भरके फेंको, अथवा टेंकरों-ट्रालियों में भरकर किर्लोस्कर पम्प के माध्यम से ही क्यों ना उड़ाओ, इफरात मात्रा में यह आपको बिना किसी उठा-पटक के रेडीमेड प्राप्त हो सकता है। यदि कीचड़ ज़्यादा फोर्स से उछालने की ज़रूरत नहीं है  तो आप इसे एक नन्हें से टुल्लू पम्प से भी उछाल सकते हैं, यह उछलेगा और बड़ी खूबी से उछलकर लक्ष्य का दामन गंदा करेगा। वैसे भी किसी बड़े पम्प से उड़ाकर कीचड़ को इधर-उधर फालतू वेस्ट करके भी क्या फायदा! जितना, जिस पर और जिस जगह पर उछालने की आवश्यकता है बस उतना, उसी पर और उसी जगह पर उछले तो ज़्यादा अच्छा है। आगे के लिए बचाकर रखना भी जरूरी है, पता नहीं कब किस पर उछालने की जरूरत आन पडे़।
जैसे भी उछालों, विगत तिरेसठ साल के लम्बे अनुभव एवं गहन अध्ययन से प्राप्त ज्ञान के आधार पर हम यह दावे के साथ कह सकते हैं कि राजनैतिक और सामाजिक क्षेत्र में, पूर्ण आत्मविश्वास और कमिटमेंट के साथ उछाला गया एक अदद कीचड़ का छोटा सा छींटा भी, सामने वाले का मुँह पर्याप्त रूप से काला करेगा ही करेगा। कीचड़ बना ही लोगों का मुँह काला करने के लिए है। अब तक कीचड़ उछालने की इस प्रदर्शनकारी कला के पीछे एक मात्र जायज़ और सर्वमान्य, नीतिसंगत, तर्कसंगत कारण लोगों का मुँह काला करना ही रहा है और आगे भी रहेगा। इससे इतर दूसरी कोई भी वजह कीचड़ को उछालने की इस रचनात्मक गतिविधि के पीछे ना तो भूतकाल में देखी ही गई है और ना ही भविष्य में देखी जा सकेगी।
            जिस व्यक्ति के दर्शनीय व्यक्तित्व से उस पर आपादमस्तक कीचड़ उछालने की क्रांतिकारी प्रेरणा मिलती हो, उसका मुखमण्डल चाहे शुद्ध उजला, गोरा-चिट्टा, साँवला हो, या कि काला-पीला हरा-नीला, वह व्यक्ति अपने ठेठ मोहल्ले-पड़ोस का हो या कि पाकिस्तान, चीन, इटली-जापान का, दूध पीता बच्चा हो या कि मलाई खाता बूढ़ा-नौजवान, नर-नारी हो या कि किन्नर, कीचड़ यदि उछाला गया है तो वह अपना काम करके ही मानेगा। क्रिया के विरुद्ध यह एक अटल प्रतिक्रिया है, और शत्-प्रतिशत् होनीहार है।
जिस तरह मुँह से निकली बात और कमान से छूटा तीर वापस नहीं आ सकता उसी तरह एक बार तबियत से उछाला हुआ कीचड़ कभी भी वापस आकर अपनी जगह पर गिर ही नहीं सकता, भले ही वह अपनी जन्मस्थली से लम्बवत ही क्यों ना उछाला गया हो। इस मामले में पृथ्वी का गुरुत्वाकर्षण बल का नियम भी पूरी तौर पर प्रभावहीन है, इसलिए यह खतरा भी नहीं है कि किसी पर उछाला गया कीचड़ वापस आकर उछालने वाले का ही मुँह काला कर दें। यह संभावना नगण्य है। यह बात अलग है कि कोई अनाड़ीपने में अपने ही मुँह पर कीचड़ उछाल ले। तब तो वह मुँह काला करेगा ही करेगा, चाहे कीचड़ उछालने के तत्काल बाद उछालने वाले को आत्मज्ञान हो जाए कि-‘‘अरे अरे अरे, यह क्या अनर्थ हो गया’’, और वह खुद अपने उछाले कीचड़ से मुँह छुपाता यहाँ-वहाँ भागता फिरे, कीचड़ पीछा छोड़ने वाला नहीं है, उछला है तो बिना मुँखमंडल की शिनाख्त के मुँह काला करेगा। इतिहास गवाह है कि कीचड़ उछालने की कला का ठीक से रियाज़ किये बगैर जब-जब अनाड़ीपने से कीचड़ उछाला गया है वह उछालने वाले पर ही आकर गिरा है।
तो महानुभाव, कीचड़ उछालने की कला की बारीकियों को समझ लेना आपके हित में है, ताकि वह उछले तो लक्ष्य पर ही उछले, आप पर नहीं, और लक्ष्य को मुँह दिखाने लायक ना छोड़े।
राष्‍ट्रीय साप्‍ताहिक पञिका "शुक्रवार" के होली विशेषांक में प्रकाशित।

शनिवार, 28 जनवरी 2012

न राजनीति न बाजनीति

//व्यंग्य-प्रमोद ताम्बट//
आजा़दी के बाद कुछ सालों तक देश को गुरबत से बाहर निकालने के लिए बड़े-बड़े राजनैतिक विचारों की पोटलियाँ पटक-पटक कर लोग चुनाव जीत जाते थे। उसके बाद कुछ सालों तक कभी पंचवर्षीय योजनाओं से देश की तस्वीर पलटने, कभी गरीबी हटाने के नाम पर, कभी समाजवाद के सब्ज़बाग दिखाकर चुनाव जीते जाने लगे। फिर कुछ समय हुआ फीलगुड और ‘चौतरफा’ विकास की ‘एकतरफा’ बातें झिला-झिला कर चुनाव जीतने की कोशिशें चलीं। अब इस सब प्रपंच की कोई ज़रूरत नहीं रह गई है। आजकल जो सबसे ज़्यादा जरूरी बात है वह यह कि आपकी पार्टी में कुछेक मुँहफट, बड़बोले, बदतमीज किस्म के लोगों का जमावड़ा हो जो चुनावी मंचों पर, प्रेस कांफ्रेंसों में विरोधी पार्टियों के धाकड़ नेताओं की लू उतार सके, मीडिया और प्रेस को आकर्षित कर बडे़-बड़ों की चुन-चुन कर छीछालेदर कर सके।
मौजूदा नेताओं के सौजन्य से जल्दी ही ऐसा समय आने वाला है जब छुटभैये नेता चुनावी मंचों पर खड़े होकर एक-दूसरे की माँ-बहन से निकट रिश्ते का ऐलान किया करेंगे। सार्वजनिक मंचों से गाली-गलौच और अपशब्दों की ऐसी झड़ी लगेगी मानों चुनाव में हार-जीत इसी बात पर निर्भर हो कि कौन भरपूर निर्लज्जता से खड़ी-खड़ी अश्लील गालियों की बौछार कर सकता है, योग्य उम्मीदवार उसी को माना जाकर चुन लिया जाएगा।
ग्रास रूट लेवल पर भी अब भोले-भाले समाजसेवी किस्म के राजनैतिक कार्यकर्ताओं का कोई काम नहीं रह गया है जो साफ-सुथरा कुर्ता-पजामा पहनकर, गाँधी टोपी धारण कर वोटरों से माताजी, बहनजी, भाईसाहब और काका, चाचा, मामा का रिश्ता बनाकर ‘‘वोट हमी को देना’’ की विनम्र अपील करते घूमते थे। अब चुनाव जीतने के लिए पार्टी में टपोरी किस्म के कार्यकर्ताओं का रिक्रूटमेंट ज़्यादा ज़रूरी है जो धौंस-दपट से वोटों की झड़ी लगा दें।
देश के वोटर भी आनंद ले रहे हैं। नौंटकी में जिस तरह भाँड दर्शकों को हँसाता है, फिल्मों, टी.व्ही. सीरियलों में जिस तरह फूहड हास्य कलाकार कमर मटकाकर लोगों का मनोरंजन करता है और जिस तरह सर्कस का जोकर तमाशबीनों को हँसा-हँसा कर लोट-पोट कर देता है, उसी तरह आजकल वोटर नेताओं की तू-तू मैं-मैं से, खुश हो-हो कर ताली पीटता है। किसी को न राजनीति से मतलब है न बाजनीति से।

शुक्रवार, 20 जनवरी 2012

ढँकना ज़रूरी है!


//व्‍यंग्‍य-प्रमोद ताम्बट//
उत्तरप्रदेश में हाथी की मूर्तियों को ढॉंकने के लिये कहा गया है। वजह यह है कि हाथी की मूर्ती दिखाकर कोई वोटर को प्रभावित न कर सके। ठीक भी है, हाथी की मूर्तियों को ही क्यों, साक्षात हाथियों को भी कपड़े से ढँकने की ज़रुरत है जो उत्तरप्रदेश के जंगलों, चिड़ियाघरों मैं हैं अथवा साधु-संतो के पास पल रहे हैं। उन्हें देखकर भी तो वोटर हाथी से प्रभावित होकर वोट डाल आ सकता है। सिर्फ हाथी ही क्यों जगह-जगह मौजूद गणेशजी की मूर्तियों को भी चुनाव तक ढँक दिया जाना चाहिये ताकि उन्हें देखकर कोई हाथी को वोट देने के लिए न निकल पड़े।
समाजवादियों ने अपना चुनाव चिन्ह ‘साइकिल’ ही आखिर क्यों रखा! इसलिए क्योंकि ‘साइकिल’ आम जनता के घर-घर में दो-दो, चार-चार होती हैं और हर वक्त उसकी आँखों के सामने होती है। अब चुनाव के समय समाजवादी साइकिल को सिर पर रख कर घूमेंगे इसलिए इसे भी ढँकना चाहिए। जहाँ कहीं भी साइकिल खड़ी दिखाई दे उसे ढँक दिया जाए तो जनता समाजवादियों के बरगलाने में क़तई नहीं आएगी।
सबसे ज्यादा लाभ तो कांग्रेस को मिलना चाहिये, क्योंकि हर एक व्यक्ति के पास दो-दो पंजे हैं। आदमी न केवल अपने पंजों से प्रेरणा का शिकार हो सकता है बल्कि दूसरों के पंजे भी उसे कांग्रेस को वोट देने के लिए फुसला सकते हैं। इसलिए चुनाव आयोग को चाहिए कि छोटी-छोटी कपड़े की थैलियाँ हर व्यक्ति के दोनों पंजों पर चढ़वा दी जाए, तो कांग्रेस कभी भी चुनाव में दूसरों के पंजों का बेजा फायदा नहीं उठा पाएगी।
इधर कीचड़ में जगह-जगह ‘कमल’ का फूल पाया जाता है, कोई भी इंसान इस कमल को देखकर भाजपाइयों के झाँसे में आ सकता है, इसलिए यू.पी. भर में कमल के फूलों पर एक-एक पॉलीथिन की पन्नी उल्टी डाल दी जाए। न रहेगा बाँस न बजेगी बाँसुरी।
कई तरह के चुनाव चिन्ह सार्वजनिक जगहों पर पाए जाते हैं। वे सारे ढँक दिए जाएँ तो चुनाव में उन्हें दिखाकर भोले-भाले मतदाताओं को वोट डालने के लिए रिझाया नहीं जा सकेगा। कुछ चीजों को ढँकने में नानी याद आ सकती हैं, मगर चुनाव निष्पक्ष होना बेहद ज़रूरी है, नानी याद आए या नाना।

शुक्रवार, 13 जनवरी 2012

चुनाव उद्यमियों के स्वागत में


व्यंग्य-प्रमोद ताम्बट
उत्तरप्रदेश में चुनाव होने वाले हैं, महत्वाकांक्षी बंदे कमर कस कर तैयार हैं। माल बनाने का इससे अच्छा मौका दूसरा नहीं। देश भर में फैले ‘भाई’ किस्म के यूपीआइड भी अपने छोटे-मोटे काम धंधे बंद कर, मोटी कमाई की आशा में अपनी जन्मभूमि की ओर चल दिए होंगे। मौत-मयैत में भले न जाएँ, मगर चुनाव के समय वे ज़रूर पहुँचेंगे। हर कोई कालेधन की बहती गंगा में हाथ धो लेना चाहता है।
यहाँ भले ही इन्डस्ट्री के भट्टे बैठे हुए हों मगर चुनाव उद्योग ज़ोरों पर चलता है। इस समय पूरा यू.पी. एक विशाल इंडस्ट्रीयल हब में तब्दील हो जाता है और आनन-फानन में यहाँ अरबों-खरबों का कारोबार सम्पन्न हो जाता है। राजनैतिक दलालों की पौ-बारह हो जाती है, गुंडे-बदमाशों के वारे-न्यारे हो जाते हैं, छुटभैयों का भाग्य चमक जाता है। छोटे-मोटे धंधे कर लोग जितना नहीं कमा पाते, ज़रा सा साहस करने से दस-पन्द्रह दिनों में उससे कई गुना ज़्यादा माल कमाया जा सकता है, बशर्ते बंदा चुनाव पूर्व के साहसिक उद्यमों में पर्याप्त पारंगत हों।
चुनाव के दौर में कई महत्वपूर्ण कामकाज होते हैं जो पार्टियों को कुर्सी तक पहुँचाने के लिए आवश्यक होते हैं, ताकि वे दबाकर देश सेवा कर सकें। इन कामों को सुचारु रूप से सम्पन्न करवाने के लिए प्रोफेशनल चुनाव उद्यमियों की जरुरत होती है जो हर चुनाव में अपना काम कर वापस दूसरे प्रदेशों की शोभा बढाने लगते हैं। भाषण तो खैर नामी लेखकों से लिखवाकर नेता लोग खुद ही झाड़ देते हैं, प्रचार-प्रसार, पोस्टर चिपकाना, दीवारें रंगना, पर्चे-पम्पलेट बाँटना इत्यादि काम कमिटेड कार्यकर्ता करते हैं। गाड़ियों पर सवार होकर हुल्लड़बाजी करना, दारू-कंबल, नोट बाँटना, फर्जी वोट डालना-डलवाना, बूथ लूटना, मत पेटियाँ-मशीनें उठाकर भागना, मतदाताओं को डराना-धमकाना, गोली चालन, बमवर्षा, हत्या-अपहरण आदि-आदि विशिष्ट कामों के लिए विशिष्ट उद्यमियों की ज़रूरत होती है।
         चोर-डाकू, लुटेरे, जिलाबदर अपराधियों के लिए चाँदी काटने का यही मौका है, वे अपनी गरिमामय उपस्थिति से एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया पूरी करने में अपना सर्वस्व झौंक देते हैं। जैसे ठंडों में झुंड के झुंुड प्रवासी पक्षी आगमन करते हैं, वैसे ही इन दिनों देशभर से अनुभवी चुनावी लड़ाके यू.पी. की ओर दौड़े चले आ रहे होंगे, आइये उनका स्वागत करें।

शनिवार, 7 जनवरी 2012

हास्‍य कवियों के मुगालते


//व्यंग्य-प्रमोद ताम्बट//          
एक हास्य-व्यंग्य कवि सम्मेलन में घोषणा की जा रही थी, कि ‘हँसाना’ दुनिया का सबसे कठिन काम है। हास्य-व्यंग्यकार फूल कर कुप्पा हुए जा रहे थे-वाह, हम दुनिया का सबसे कठिन काम कर रहे हैं, लोगों को हँसा रहे हैं। मैं दर्शकों को घूर रहा था, और तलाश रहा था एक अदद ऐसे इंसान को जो इस हँसने-हँसाने की महफिल में रोता हुआ आया हो, मगर दूर-दूर तक ऐसा कोई नज़र नहीं आया जो बैठा फफक फफक कर रो रहा हो और इंतज़ार कर रहा हो कि कोई उसे हँसाए। सभी ऑलरेडी हँस रहे थे और मंच की और लालच भरी निगाहों से ताक रहे थे कि कब वहाँ से हास्य रस की सप्लाई हो और वे रसपान करें।
हास्य-व्यंग्यकारों को फालतू की एक गलत-फहमी है कि देश में ‘हँसी’ की भारी कमी है। माना कि देश में परिस्थितियाँ बुक्का फाड़कर रोने भर के लिए अनुकूल हैं, परन्तु ऐसा नहीं है कि हँसने-हँसाने का कोई टोटा हो। लोग खूब हँस रहे हैं और ठठाकर हँस रहे हैं। सड़क से लेकर संसद तक जब मज़ाक ही मज़ाक बिखरा हुआ हो तो आदमी हँसेगा नहीं तो क्या मातम करेगा! देश की जनता के कांधे पर क्रांति-व्रांति का कोई फालतू भार तो है नहीं जो उन्हें मुँह लटकाकर फिरना पड़े, तो फिर क्यों नहीं लोग खुलकर खी-खी खूँ-खूँ करेंगे! कवि-व्यंग्यकार लोग जबरन चिन्ता में दुबले हुए जा रहे हैं कि दुनिया में हँसना बड़ा मुश्किल हो रहा है, और जैसे वे लोगों को हँसा-हँसाकर महान ऐतिहासिक कर्त्‍तव्य पूरा कर रहे हों।
दुनिया के सबसे बड़े प्रजातंत्र के अपने चुटकुले हैं और अपने मज़ाक हैं। देश में चुनाव हों तो लोगों को हँसी आती है। भ्रष्ट सरकार बने तो लोग खूब हँसते हैं। सरकारें लोग घोटाले करें तो लोग खिखिखिखि करते हैं, मंत्री-अफसर जेल में बंद हों तो ठहाकों से आसमान गूँज उठता है।
      भाई साहब, यहाँ हास्य-व्यंग्य की कोई कमी नहीं, बात-बात पर हँसना लोगों की फितरत है। कमी है तो बस एक चीज़ की, लोगों को शर्म आना बंद हो गई है। किसी को शर्म पैदा करने का हुनर आता हो तो आजमाए, जबरन हँसने वालों को शर्म आए तो शायद बात बने।

शुक्रवार, 30 दिसंबर 2011

हैप्‍पी न्‍यू ईयर-नववर्ष मंगलमय हो !!


//व्यंग्य-प्रमोद ताम्बट//
          सबको पता है, चाहे कितना भी धूम-धड़ाका करो, कितनी भी बाँछें खोलो, बत्तीसी बिखेरो, एक-दूसरे को भींच-भींचकर प्राण ले लो, लाउड-स्पीकर, माइक लगाकर एक-दूजे का मंगलगान गाओ, नशा-पत्ता करके कुदक्कड़े लगाओ, मगर कम से कम इस देश में तो ‘पब्लिक’ का नववर्ष ‘मंगलमय’ होने से रहा।
नववर्ष की प्रथम सूर्य-किरण के साथ ही फिर वही राग दरबारी छिड़ जाएगा। फिर वही महँगाई दिन-दूनी, रात-चौगुनी रफ्तार से फार्मूला वन रेस सी दौड़ने लगेगी, फिर वही भ्रष्टाचार का रावण सरकार की अन्तिम इकाई से प्रथम इकाई और प्रथम इकाई से अंतिम इकाई की ओर हुँकारता दौड़ना शुरू कर देगा। फिर वही लूट-खसोट का प्रायोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएगा, फिर ज़नता के साथ वही धोकाधड़ी-चार सौ बीसी की चौपड़ शुरू हो जाएगी।
नन्हें-नन्हें बच्चों के लिए वही अंधकारमय भविष्य की उज्ज्वल योजनाएँ होंगी, पढ़े-लिखे युवाओं की वही बेकारी और दिशाहीनता होगी, बुद्धिजीवियों की वही कुंठाग्रस्त सृजनशीलता होगी। महिलाओं पर अत्याचार, दमन, उत्पीड़न का वही साया होगा, माँ-बहनों की इज्ज़त सरेआम बाज़ार में नीलाम की जाएगी। चारों ओर घोर अमंगल ही अमंगल होगा, फिर भी हम एक-दूसरे को ढूँढ़-ढूँढ़ कर, रोक-रोककर, पकड़-पकड़ कर, नववर्ष की मंगलकामना की पोटली पकड़ाते चलेंगे।
दरअसल मंगलकामनाओं के अर्थ कुछ निराले ही होते हैं। चोरगण जब एक-दूसरे की मंगलकामना करें तो उसका मतलब होता है कि हर घर का ताला आपको टूटा हुआ मिले, तुझे भी खूब माल मिले, मुझे भी खूब माल मिले। कोई मुनाफाखोर कालाबाज़ारिया जब दूसरे मुनाफाखोर कालेबाज़रिये के लिए मंगलकामना करे तो उसका अर्थ होता है महँगाई दिन-दूनी, रात-चौगुनी गति से बढ़े, हमारा मुनाफा चौगुना-छौगुना हो जाए। भ्रष्टगण जब एक-दूसरे की ओर मंगलकामना पटकें तो उसका मतलब होता है, इस साल महकमें में खूब बजट-आवंटन आवे, खूब खर्चा बुक होवे, खूब कमीशन हाथ लगे, अपनी जेबे खूब गर्म रहें। नेता लोग जब एक-दूसरे की मंगलकामना करें तो इसका एक ही अर्थ होगा कि तुम्हारे यहाँ भी बड़े-बड़े ब्रीफकेस आवे, हमारे यहाँ भी बड़े ही बड़े ब्रीफकेस आवे।
      ऐसी असंख्य मंगलकामनाएँ लेकर नववर्ष हर वर्ष की तरह आएगा और गरीब की झोपड़ी से ना नापी जा सकने वाली दूरी बनाए, धूम-धड़ाका हल्लागुल्ला मचा कर चला जाएगा। मंगल हो न हो, हरेक का नववर्ष मंगलमय हो जाएगा।